इटारसी। जीआरपी इटारसी को चलती ट्रेनों में महिला यात्रियों के साथ झपटमारी करने वाले एक गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1,86,000 रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
वारदात का तरीका
पुलिस के अनुसार, ये बदमाश ‘सॉफ्ट टारगेट’ के रूप में खिड़की के पास बैठी महिला यात्रियों को चुनते थे। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म छोड़ती या सिग्नल पर धीमी होती, आरोपी प्लेटफॉर्म के किनारे खड़े होकर झपट्टा मारते और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो जाते थे।
महत्वपूर्ण घटनाक्रम
यह कार्रवाई 1 फरवरी 2026 को कामायनी एक्सप्रेस में हुई एक घटना के बाद शुरू हुई, जहाँ पुणे निवासी सोमवारी गुप्ता के गले से बदमाश ने एक तोला वजनी मंगलसूत्र छीन लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल, राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने इटारसी, नर्मदापुरम और भोपाल सहित विभिन्न स्टेशनों के लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। 5 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर इटारसी आउटर जबलपुर छोर से घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ और फुटेज से मिलान के बाद आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनू अहिरवार 22 वर्ष, निवासी बंदीछोड़, पिपरिया, जिला नर्मदापुरम। और आशीश कुशवाह 19 वर्ष निवासी मेहरोनी, जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मंगलसूत्र और सोने के 19 दाने बरामद किए गए हैं। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को केंद्रीय कारागार नर्मदापुरम भेज दिया गया है।










