रितेश राठौर केसला। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसला में ऑपरेशन मुस्कान कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सही मार्गदर्शन हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग एवं समर्पण संस्था के सहयोग से छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जीवन मूल्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान समर्पण संस्था की ओर से डॉ. उमा भार्गव एवं डॉ. मेघा ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि वे भी एक छोटे शहर से आगे बढ़ीं हैं और आज जिस मुकाम पर हैं, उसका सबसे बड़ा कारण शिक्षा और सही समय पर मिला मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि यदि संसाधनों की कमी के बावजूद लक्ष्य स्पष्ट हो, तो जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है।
डॉ. उमा भार्गव ने समर्पण संस्था के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था की शुरुआत लगभग 9 वर्ष पूर्व एक छोटे स्वास्थ्य शिविर से हुई थी, जो आज राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं उत्तराखंड के लगभग 250 स्कूलों में 60 हजार से अधिक बच्चों तक अपने कार्यक्रम पहुंचा चुकी है। संस्था के तीन प्रमुख कार्यक्रमों में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, तथा ग्रामीण स्कूलों व आंगनवाडिय़ों में सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं को कपड़े से बने सैनिटरी पैड वितरित किए गए तथा मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए खुलकर संवाद किया गया। छात्राओं की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान बताए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेंद्र मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा मौर्य, थाना प्रभारी केसला उमाशंकर यादव, विद्यालय प्राचार्य श्रीमती सुनीता दुबे, भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी श्रीमती मेघा थोटा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला।









