- बच्चों को सुरक्षित रखने जागरूक किया, हेल्पलाइन नंबरों से भी कराया परिचित
इटारसी। स्कूली बच्चों को सुरक्षा और जागरूकता प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने ‘मुस्कान अभियान’ की पहल शुरू की है। इसी कड़ी में, शनिवार को इटारसी थाना पुलिस ने नगर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्राओं को गुड टच और बैड टच के अंतर को विस्तार से समझाया।
थाना इटारसी की एएसआई रीना खरे ने इस जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने बच्चियों को बताया कि कैसे वे अपने शरीर की सुरक्षा कर सकती हैं और किसी भी अप्रिय या असुरक्षित स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देनी है।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
जागरूकता सत्र के दौरान, एएसआई खरे ने बच्चों को संकट की स्थिति में पुलिस या सहायता एजेंसियों से संपर्क करने के लिए आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
- महिला हेल्पलाइन : 1091
- चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098
पुलिस अधिकारी ने बच्चों को समझाया कि इन नंबरों पर संपर्क करके वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं और उन्हें किसी भी डर के बिना अपनी समस्या बतानी चाहिए। यह पहल बच्चों को यौन शोषण और उत्पीडऩ से बचाने तथा उन्हें स्वयं की सुरक्षा के प्रति सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
अभियान का उद्देश्य
‘मुस्कान अभियान’ का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना, उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी देना और उन्हें आत्मरक्षा के लिए तैयार करना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण या खतरे की पहचान कर सकें और समय रहते मदद मांग सकें।








