इटारसी। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति इकाई ने नवरात्र के पावन अवसर पर दो स्थानों पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम गांधीनगर स्थित इंगलचाल के शंकर मंदिर और आरती मालवीय के निवास पर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मातृशक्ति बहनों ने शस्त्रों की पवित्रता और शक्ति की पूजा कर सुरक्षा, शक्ति और विजय की कामना की। शस्त्र पूजन के महत्व को समझाते हुए बताया गया कि यह परंपरा अनादि काल से चली आ रही है। पूजन के दौरान, सर्वप्रथम शस्त्रों पर गंगाजल छिड़ककर उन्हें शुद्ध किया, फिर उन पर हल्दी-कुमकुम का तिलक लगाया गया। इसके बाद, मौली बांधकर धूप, दीप, अक्षत और फूल अर्पित किए गए। कार्यक्रम के अंत में मां दुर्गा के भजन और आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।
नगर संयोजिका अनीता तिवारी ने बताया कि सनातन धर्म में शस्त्र पूजा की परंपरा जीवन में आने वाली दरिद्रता, कष्ट, शोक और भय को दूर करती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और भी पंडालों में यह कार्यक्रम आयोजित कर शस्त्र पूजा के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर संयोजिका अनिता तिवारी के साथ सह संयोजिका आरती मालवीय, सत्संग प्रमुख अर्चना सातपुते, सविता मालवीय, अनीता मालवीय, कुसुम मेहरा, नीतू साहू, सुषमा यादव, पार्वती पटेल, निशा पटवा, अंजलि नागेश, ऊषा यादव, मीरा तिवारी, सुमन चौहान, कुंती भदोरिया, अनीता राठौर, दीपिका मेहतो एवं अन्य मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी की बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।









