इटारसी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़Ó को नर्मदापुरम जिले में व्यापक जनसमर्थन मिला है। इस हस्ताक्षर अभियान के तहत, जिले की चारों विधानसभाओं से एकत्र किए गए 60 हजार हस्ताक्षरित फॉर्म जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय में जमा कर दिए हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री पांडेय ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के निर्देश पर यह हस्ताक्षर अभियान जिले में तेजी से चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 60 हजार फॉर्म जमा किए गए हैं, जबकि आगामी दिनों में 30 हजार फॉर्म और जमा किए जाएंगे। श्री पांडेय ने बताया कि इस अभियान में आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं और हस्ताक्षर कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान में युवाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक है। जिला कांग्रेस कमेटी पूरी जि़म्मेदारी के साथ जिले की चारों विधानसभाओं (नर्मदापुरम, सिवनी-मालवा, सोहागपुर और पिपरिया) में इस अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक नर्मदापुरम विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक लोगों ने इस हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया है।








