इटारसी। खेड़ा स्थित ब्रिज का निर्माण कार्य बंद पड़े होने के बावजूद भी इस पर भारी वाहनों का आवागमन अभी भी रुका हुआ है। इस स्थिति के कारण क्षेत्र के वेयरहाउस मालिकों और ट्रक मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और वाहन मालिकों ने कलेक्टर और शहर के मुखिया एसडीएम से निवेदन किया है कि यदि ब्रिज का काम वर्तमान में बंद है, तो जनहित में इस पर से भारी वाहनों का आवागमन पुन: शुरू कराया जाए।
वाहन मालिक अजय टप्पू मिश्रा ने कहा कि जब तक मरम्मत कार्य दोबारा शुरू नहीं होता, तब तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का कोई औचित्य नहीं है, इससे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। वेयरहाउस मालिकों और ट्रक मालिकों ने प्रशासन से जल्द ही इस समस्या का समाधान करने और आवागमन पुन: बहाल करने की मांग की है।
बता दें कि काम में देरी के कारण लोगों की नाराजी बढ़ रही थी। ऐसे में प्रशासन ने ब्रिज का तोड़ा मटेरियल उठाने का काम शुरु कराया था, लेकिन केवल एक दिन ही जेसीबी से मटेरियल साफ कराने के बाद से यह काम फिर बंद हो गया है। प्रशासन ने रेलवे को दो माह में ब्रिज की मरम्मत के लिए बंद कराने की परमिशन ली है, इसमें से बीस दिन तो ऐसे ही निकल गये हैं। ऐसे में किसानों, व्यापारियों और वाहन मालिकों को चिंता सता रही है कि जब चौपाल सागर में गेहूं सीजन की खरीद शुरु होगी तो व्यापारियों को और लंबा नुकसान उठाना पड़ेाग।









