इटारसी। वृंदावन गार्डन में सेवन स्टार ग्रुप द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन भक्ति की सरिता बही। ब्रजभूमि गोवर्धन से पधारीं साध्वी राधादेवी ने धु्रव और प्रहलाद चरित्र का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
साध्वी राधादेवी ने कहा कि जो भक्त भगवान पर अटूट विश्वास रखता है, ईश्वर उसकी रक्षा तो करते ही हैं, साथ ही उसे संकटों से लडऩे की शक्ति भी देते हैं। उन्होंने प्रहलाद और गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे धर्म की रक्षा के लिए उन्होंने हंसते-हंसते बलिदान दिया, लेकिन प्रभु का मार्ग नहीं छोड़ा। हिरण्यकशिपु के अहंकार और नृसिंह अवतार के प्रसंग ने भक्तों को भक्ति की शक्ति का अहसास कराया।
कथा में विशेष रूप से उपस्थित महामंडलेश्वर भैयादास महाराज ने समाज को एकता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि आज हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध सभी को जाति-पाति छोडक़र संगठित होने की आवश्यकता है, क्योंकि कीमत माला की होती है, बिखरे हुए मोतियों की नहीं। आयोजक जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक जारी है।









