इटारसी। बालाजी मंदिर क्षेत्र में लंबे समय से चल रही अवैध शराब बिक्री एवं गुंडागर्दी से परेशान महिलाओं व नागरिकों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। क्षेत्र की अनेक महिलाओं और पुरुषों ने रोहित राजवंशी, ऋतिक राजवंशी व बबलू राजवंशी की अवैध गतिविधियों के खिलाफ एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश यादव, पार्षद सीमा भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता जयकिशोर चौधरी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर मौके पर पहुंचे और नागरिकों की समस्याएं सुनीं। महिलाओं ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा लगातार क्षेत्र में अवैध शराब का व्यापार और गुंडागर्दी की जा रही है जिससे आमजन विशेषकर महिलाएं बेहद असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
विधायक डॉ. शर्मा ने तत्काल एसडीओपी एवं थाना प्रभारी को मौके पर बुलाकर सख्त निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए एवं अवैध शराब विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया एवं शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।








