इटारसी। यादव (यदुवंशी) क्षत्रिय समाज द्वारा सामाजिक एकजुटता और सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। 20 अप्रैल 2026, सोमवार को ग्राम सोनतलाई में समाज का पांचवां नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन जिला नर्मदापुरम की जिला संरक्षण समिति और क्षेत्रीय समितियों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा।
शुभ मुहूर्त और आयोजन का समय
समिति के अनुसार, विवाह का शुभ मुहूर्त शुक्ल पक्ष तृतीया को निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम प्रात: 8 बजे से प्रारंभ होकर सायं 5 बजे तक चलेगा। आयोजन को भव्यता देने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई है।
पूर्णत: नि:शुल्क रहेंगी सभी व्यवस्थाएं
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि यह सम्मेलन पूरी तरह से नि:शुल्क है। समाज की ओर से विधि-विधान से पाणिग्रहण संस्कार हेतु पंडित और पूजन सामग्री, भव्य विवाह मंच और बैठक व्यवस्था, वर-वधू पक्ष एवं अतिथियों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था, समिति का मुख्य उद्देश्य आडंबर रहित और सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को स्थापित करना है।
पंजीयन के लिए ये दस्तावेज हैं अनिवार्य
सम्मेलन में सम्मिलित होने वाले इच्छुक जोड़ों को आयोजन से 10 दिन पूर्व अपना पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन हेतु जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड, समग्र आईडी और निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और राशन कार्ड की छायाप्रति, वर-वधू के दो-दो पासपोर्ट साइज फोटो की आवश्यकता होगी।
सामाजिक सौहार्द्र की बनेगी मिसाल
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अपील की है कि व्यक्तिगत दिखावेबाजी को त्यागकर समाज के सभी स्वजातीय बंधु इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनें। यह सम्मेलन न केवल परिवारों पर पडऩे वाले आर्थिक बोझ को कम करेगा, बल्कि समाज में आपसी प्रेम और समरसता का संदेश भी देगा।









