इटारसी। कांग्रेस का ग्राफ बीते पांच साल में पूरे देश में इतना नीचे चला गया है कि उसे वापस प्राप्त करने में कम से कम दस साल का समय लगेगा। यह बात केन्द्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कही। वे मंडला से भोपाल जाते वक्त यहां रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बात कर रहे थे।
लोकसभा में नवनिर्वाचित सांसद और केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला से भोपाल जा रहे थे। यहां इटारसी रेलवे स्टेशन पर उनसे कुछ राजनीतिक चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में भारतीय जनता पार्टी का जनाधार तेजी से पूरे देश में बढ़ा है। अब दक्षिण भारत और पूर्वी भारत में भी भाजपा सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनने जा रही है। इस दौरान कांग्रेस का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। वह अब इतना नीचे चली गई है कि क्षेत्रीय पार्टी कहलाने लगी है। विशेषकर दक्षिण के राज्यों में जो कभी कांग्रेस के गढ़ होते थे, वहां शून्य होती जा रही है। कांग्रेस को पुरानी स्थिति में लौटने के लिए दस वर्ष लग सकते हैं।
प्रदेश की कमलनाथ सरकार के कामकाज पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार ने अपने पांच माह के कार्यकाल में कोई भी उल्लेखनीय कार्य नहीं किये हैं। यहां तक कि किसानों से कर्जमाफी का जो वादा किया था उसमें भी वह फेल हो गयी है। उनकी इस वादाखिलाफी का जवाब प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में दे दिया है। भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज एवं लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की वरिष्ठता और उनके अनुभव का अब पार्टी संगठन में कोई उपयोग होगा या फिर उन्हें भी पार्टी से रिटायर कर किसी राज्य का राज्यपाल बना दिया जाएगा? इस सवाल के जवाब में केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते ने कहा कि दोनों ही नेता हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं लेकिन उनकी भूमिका क्या होगी यह पार्टी संगठन तय करेगा। इटारसी स्टेशन पर मंत्री से भाजपा नेता दीपक अठौत्रा, तरुण पोपली, भोजराज सहित अन्य लोगों ने मुलाकात कर उनका स्वागत किया।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]
कांग्रेस का ग्राफ तेजी से नीचे गया : कुलस्ते
For Feedback - info[@]narmadanchal.com