इटारसी। न्यास कालोनी में बायपास रोड पर जैन समाज के कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा, पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल और उपाध्यक्ष अरुण चौधरी ने आर्यिका ससंघ के सानिध्य में किया।
लोकार्पण समारोह में आर्यिका संघ की माताजी और अतिथियों ने राष्ट्र और समाज का चिंतन किया, तथा सामाजिक बदलाव पर चिंता जतायी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में दिगंबर जैन समाज होशंगाबाद के अध्यक्ष डॉ. आरके जैन, मुन्नालाल जैन, इटारसी पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष पंकज सराफ, श्वेतांबर जैन समाज अध्यक्ष सुनील जैन, उत्सव समिति और तारण तरण महासभा के अध्यक्ष जितेन्द्र जैन ने माताजी से आशीर्वाद ग्रहण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए माताजी ने कहा, आज महावीर के समय, श्रीराम, श्रीकृष्ण के समय, गांधी के समय का भारत विदेशी संस्कृति में समाहित हो रहा है। विदेशी संस्कृति पहले राष्ट्र में आयी, फिर समाज में और फिर परिवार में भी पहुंच गयी। हमारा देश तो आजाद हो गया, लेकिन मन से आज भी विदेशों के गुलाम हैं। सारे लोग पाश्चात्य संस्कृति में रंगे हैं। जियो और जीने दो का संदेश पीयो और पीने दो में बदल गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि भगवान महावीर और गौतम बुद्ध के समय से हमारे देश की लुप्त हो रही ऋषि परंपरा पुन: प्रारंभ हो गयी है। आचार्य विद्यासागर जी ने इस परंपरा को वर्तमान में चलाया है। उन्होंने कहा कि हमारा परम धर्म है कि हम ऋषियों के आशीर्वाद से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि कीर्ति स्तंभ या धर्म स्तंभ इसलिए ऊंचा बनता है ताकि लोग यह संदेश लें कि धर्म हमेशा ऊपर ही रहेगा। धर्म ऊपर रहेगा तो राष्ट्र और समाज ठीक चलेगा। उन्होंने आर्यिका ससंघ को आश्वस्त किया कि होशंगाबाद में भी कीर्तिस्तंभ का निर्माण कराया जाएगा।
पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई ने कहा कि जैन समाज ने शहर के लिए काफी कुछ किया है। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए आशा जतायी कि कीर्ति स्तंभ शहर की पहचान बनेगा। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने संपूर्ण समाज को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कीर्ति स्तंभ बनने के लिए समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए हम निरंतर प्रयत्नशील रहें, सत्य, अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाएं।