होशंगाबाद। नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मां नर्मदा के तट क्षेत्रों को पुन: हरा भरा बनाने अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गत 2 वर्षों से मां नर्मदा के तट क्षेत्र रिपेरियन जोन में बीज रोपण एवं पौधरोपण के कार्य किए गए हैं। पौधों की देखभाल के लिए एवं पौधों में सिंचाई हेतु तथा पौधों की सुरक्षा हेतु अनेक प्रयास एवं उपाय किए जा रहे हैं। इसी के तहत रिपेरियन जोन में सिंचाई हेतु सिंचाई दान अभियान प्रारंभ किया है। आज कमिश्नर श्री उमराव ने खर्रा घाट में सिंचाई दान अभियान का शुभारंभ किया। खर्रा घाट में सिंचाई हेतु बेहतर तकनीक रेनगन का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपक राय एवं जन अभियान परिषद के जिला संयोजक कोशलेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
सिंचाई दान अभियान के तहत खर्रा घाट में दान दाता सामने आए और उन्होने सिंचाई हेतु राशि दान की। जिला जन संपर्क कार्यालय के सिनेमा ऑपरेटर रविन्द्र शर्मा, डीपीसी एस एस पटेल एवं शिक्षा विभाग के आनंद शर्मा ने 1000-1000 रूपये की राशि मौके पर ही प्रदान की। ग्राम रंढाल के पूर्व सरपंच गेंदालाल साहू की स्मृति में उनके परिजनों ने सिंचाई के एक रेंडम का संपूर्ण खर्च वहन करने का आश्वासन दिया। एक सेटअप की सिंचाई का व्यय 16 हजार रुपए पड़ता है खर्रा घाट में 16 पाइपों के द्वारा पौधो में सिंचाई की जा रही है। कमिश्नर ने उपस्थित अधिकारियों से चर्चा करते हुए बताया कि रिपेरियन जोन का अभियान 2 वर्षों से सफलता पूर्वक चलाया जा रहा है। इसके सार्थक परिणाम अब धीरे धीरे सामने आ रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सिंचाई दान अभियान में एक कलस्टर पर 14 बार सिंचाई की आवश्यकता पड़ेगी एक सिंचाई का व्यय 1 हजार रूपये अनुमानित आता है। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी स्वयं सेवी संस्थाओं, संगठनों एवं आम जनता के पास जाकर रिपेरियन जोन का महत्व बताए एवं सिंचाई दान अभियान के तहत सिंचाई का व्यय एवं मोटर पंप दान में लें।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]

खर्रा घाट में रेनगन का प्रदर्शन, दानदाता आए आगे
For Feedback - info[@]narmadanchal.com