इटारसी। मौसम में ठंडक बढ़ रही है। मंगलवार को धूप निकली, मगर ठंडक सोमवार की अपेक्षा अधिक रही। न्यूनतम तापमान में भी सोमवार के मुकाबले मंगलवार को चार डिग्री की कमी दर्ज की गई है। जहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियसा था वहीं मंगलवार को यह 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी हवा भी 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।
बुधवार-गुरुवार को करीब एक डिग्री पारा और गिरने की संभावना जतायी जा रही है। यानी आज की अपेक्षा कल ठंडक और बढ़ेगी। हालांकि धूप खिली होने से अधिकतम तापमान बढ़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो शुक्रवार लेकर अगले हफ्ते मंगलवार तक बादलों का मौसम रह सकता है। अलबत्ता 19 दिसंबर के बाद से तापमान में एक-एक डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
अभी और बढ़ेगी ठंडक
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मौसम केन्द्र भोपाल से जारी मौसम की जानकारी में बताया गया है कि आगामी चौबीस घंटों में अनेक स्थानों पर शीतल दिन रहेगा। इनमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर, सागर और रीवा संभागों के साथ होशंगाबाद में भी ठंड की तीव्रता महसूस की जाने की संभावना है। होशंगाबाद जिले में मौसम की ठंडक अभी लोगों को आगामी तीन से चार दिन और परेशान करेगी। इसके बाद ही ठंडक में आंशिक कमी आने की संभावना जतायी जा रही है। यानी गुरुवार से न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
नगर पालिका ने जलाये अलाव
शहर में खानाबदोश लोगों और फुटपाथ पर रहने वाले, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के आसपास गुजर करने वालों को ठंड से बचाने के लिए नगर पालिका ने चार स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। नगर पालिका ने हालांकि सोमवार को ही अलाव की व्यवस्था कर दी थी। लेकिन, केवल बस स्टैंड पर ही अलाव जलाया था। मंगलवार से जयस्तंभ चौक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के सामने और दुर्गा मंदिर दुर्गा चौक में भी अलाव जलाये हैं। इन अलाव पर गरीब तबके के लोगों के अलावा बाजार आने वाले नागरिक भी ठंड से बचने के लिए आग तापकर ठंड का अहसास कम कर रहे थे।
इनका कहना है…!
हमने शहर में चार स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है, जहां पूर्व में भी यह जलाये जाते रहे हैं। ठंड के मौसम में यह अलाव जलाये जाते रहेंगे ताकि नागरिक इसके आसपास बैठकर आग तापकर ठंड का अहसास कम कर सकें।
सीपी राय, सीएमओ नपा