तोमर अध्यक्ष, गुरयानी सचिव बने
इटारसी। जिला हॉकी संघ की एक बैठक आज दोपहर में यहां गांधी वाचनालय में हुई जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारणी का हुआ गठन। डीएचए के नए अध्यक्ष के तौर पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी राजेन्द्र सिंह तोमर को सर्वसम्मति से चुना गया है। नई कार्यकारणी में दो कार्यकारी अध्यक्ष, तीन उपाध्यक्ष, एक सचिव, एक सहसचिव, कोषाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाये गये हैं।
बता दें कि पूर्व अध्यक्ष सुरेश दुबे के निधन के बाद से हॉकी संघ के अध्यक्ष का पद रिक्त था। जिला हॉकी संघ की आज हुई बैठक में डीएचए के अध्यक्ष के अलावा अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया है। संघ के सचिव पद की जवाबदारी वरिष्ठ खिलाड़ी और कोच कन्हैया गुरयानी को मिली है। अन्य पदों में दो कार्यकारी अध्यक्ष रविन्द्र जोशी और जयराज सिंह भानू, उपाध्यक्ष अरुण राबर्ट, साजिद मलिक, मार्टिन मथियास, सहसचिव शेख नियाज, सह कोषाध्यक्ष रीतेश श्रीवास और प्रवक्ता रोहित नागे सर्वसम्मति से बनाये गए हैं। अभी संघ के कुछ पदों को रिक्त रखा गया है जिसमें जिले के अन्य स्थानों से प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इसके अलावा मैदान समिति और अन्य समितियों में भी चयन होना शेष है।
डेढ़ माह से रिक्त था पद
करीब दो माह से जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष का पद रिक्त था। डीएचए के अध्यक्ष सुरेश दुबे के आकस्मिक निधन के बाद से यह पद रिक्त था और संघ के अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की जरूरत महसूस की जा रही थी। वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने अध्यक्ष पद के साथ अन्य सभी पदों पर निर्वाचन की जरूरत महसूस करके आज रविवार को चुनाव के लिए बैठक आहूत की थी। आज वरिष्ठ खिलाडिय़ों के मार्गदर्शन में चुनाव संपन्न कराए गए हैं।
एक पद को लेकर आंशिक विवाद
जिला हॉकी संघ के चुनाव संपन्न होने के बाद एक पद को लेकर उस वक्त विवाद हो गया जब दोपहर एक बजे पहुंचे खिलाड़ी लखन बैस ने कोषाध्यक्ष पद को लेकर आपत्ति जतायी। उनका कहना था कि कोषाध्यक्ष का पद हॉकी खिलाड़ी की जगह क्रिकेट खिलाड़ी कुलभूषण मिश्रा को क्यों दिया। हालांकि उनको समझाया गया कि कुलभूषण मिश्रा वर्षों से हॉकी संघ में भी हैं। लेकिन, उन्होंने आपत्ति जतायी तो कुलभूषण मिश्रा और उनके बीच बहस बढ़ती गई और मामला तू-तू-मैं-मैं तक जा पहुंचा। कुछ सदस्यों ने दोनों को समझाया और करीब पांच मिनट तीखी बहस के बाद मामला शांत हो सका। अंत में जिला हॉकी संघ के दिवंगत अध्यक्ष सुरेश दुबे को श्रद्धांजलि देकर बैठक समाप्त घोषित की गई।