बनखेड़ी। पिछले दो माह से कोरोना संकट के कारण लाक डाउन से बंशकार समाज का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आर्थिक रूप से परेशान बंशकार समाज ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता देने की बात कही है। ज्ञापन में बंशकार समाज के पारंपरिक व्यवसाय बांस के बर्तन का धंधा इस समय लाक डाउन के कारण बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही विवाह समारोह में बैंड भी बंशकार समाज का प्रमुख कार्य है जो की शादी नहीं होने के कारण पूरी तरह बंद पड़ा है। ऐसी स्थिति में बंशकार समाज के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
बंशकार समाज के सदस्य सुरेश पूर्वी ने बताया की फरवरी से लेकर जून तक बंशकार समाज का बांस के बर्तन और बैंड बजाने का प्रमुख कार्य होता है जिससे परिवार की वर्ष भर की सभी जरूरतों की पूर्ति होती है। लाकडाउन के कारण बंशकार समाज के समक्ष भुखमरी की स्थिति निर्मित हो गई है । बंशकार समाज ने ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री द्वारा घोषित किए गए 20 लाख करोड़ के पैकेज से राहत देने की मांग की है। ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से सुरेश पूर्वी, राजेंद्र पूर्वी, टी.एल पूर्वी, देवेंद्र मुठेले संतोष पूर्वी और लक्ष्मी प्रसाद आदि उपस्थित थे।
बंशकार समाज ने सौंपा ज्ञापन

For Feedback - info[@]narmadanchal.com







