इटारसी।पूरे मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश में 200 से अधिक भजन मंडलों की स्थापना करने वाले मथुरा प्रसाद रजक 18 अक्टूबर 2019 शुक्रवार को अपने जीवन के 80 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। अत्यधिक उम के बावजूद भी वह साईकिल से प्रतिदिन भ्रमण करते हैं एवं श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में सांयकाल अपने मित्रों के साथ भजनों की प्रस्तुति देते हंै।
18 अक्टूबर 1938 को गोटेगांव वर्तमान में श्रीधाम कस्बे में स्व. राजूलाल एवं स्व. मोहिनी बाई के यहां जन्मे श्री रजक के दो भाई और तीन बहनें हैं एवं इनकी तीन संतानों में दो पुत्र और एक पुत्री है। मार्च 1955 में इन्होंने श्रीकृष्ण सुदर्शन संकीर्तन मंडल की स्थापना गोटेगांव में की थी। वे केवल पांचवी कक्षा तक पढ़े हैं। 19 सिंतबर 1962 को इटारसी रेलवे में खलासी के पद पर नौकरी प्रारंभ की थी और 18 अक्टूबर 1996 को मथुराप्रसाद मास्टर क्रास्पमैन के पद से रिटायर हुए।
इन्होंने भजन गायकी में प्रदेश में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाया और कई पुरस्कार भी जीते। आज भी 100 से अधिक मंडल जीवित हैं और जितने भी मंडल विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं, वह सब मथुराप्रसाद रजक के लिखे हुए भजन ही गाते हैं। मथुराप्रसाद रजक ने श्री संत गाडगे बाबा के चरित्र पर एक पुस्तक, अन्य भजन कीर्तन एवं आरती की कई पुस्तके भी लिखी। इन्होंने सनातन धर्म की सबसे महत्वपूर्ण श्री गर्ग संहिता जो गद्य में लिखी हुई थी उसका पद्य में अनुवाद किया।
आर्थिक अभाव के चलते वह पुस्तक प्रकाशित नहीं हो सकी लेकिन उसके कुछ अंश अलग-अलग जरूर प्रकाशित हुए। 18 अक्टूबर को मथुराप्रसाद रजक अपना जन्मदिन श्रीकृष्ण सुदर्शन संकीर्तन मंडल एवं बुजुर्ग गायक एवं वादक कलाकारों को समर्पित कर रहे हैं। जन्मदिन पर जगदंबा मंडल सोनासांवरी, नागराज मंडल गांधी नगर, शारदा मंडल सोनतलाई एवं कृष्ण सुदर्शन मंडल नांदनेर टेकापार (सोहागपुर) एवं भादुगांव टिमनरी) के मंडलों के द्वारा रात्रि 8 बजे से श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर तुलसी चौक परिसर में भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
इस अवसर पर बुजुर्ग गायक व वादक कलाकार श्यामलाल साहू संगीत शिक्षक 80 वर्ष जबलपुर, प्रभुदास देव वेंजोवादक 64 वर्ष भोपाल, खरगराम प्रजापति भजन कवि सोहागपुर, मोहनलाल कुशवाह खेमी नरसिंहपुर, रंगदास भजन गायक कांधर गांव गाडरवाडा 72 वर्ष, बाबूलाल धाकड़ ग्राम भिलाडिय़ा, मंगल सिंह 98 वर्ष लोहारिया, भगवानदास पटेल मेहरागांव, भैयालाल यादव 85 वर्ष इटारसी, दुर्गा प्रसाद 84 वर्ष इटारसी, नबाव पटेल 74 वर्ष बीसारोड़ा, देवी सिंह, रघुवीर पटेल मेहरागांव, श्रीमती गोपीबाई यादव 70 वर्ष, शारदा महिला मंडल मालवीयगंज इटारसी, लक्ष्मीनारायण मालवीय ग्राम दमदम 71 वर्ष, कन्हैयालाल केवट 65 वर्ष दमदम, भागीरथ ठाकुर शारदा मंडल पतलई का सम्मान होगा। इसके पूर्व दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक उनके निवास पर सुंदरकांठ पाठ होगा एवं मुख्य समारोह में रात्रि 8 बजे 81 दीप का प्रज्वलन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा किया जाएगा।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]
श्रीकृष्ण सुदर्शन संकीर्तन मंडल के संस्थापक का जन्मदिन मनेगा
For Feedback - info[@]narmadanchal.com