नर्मदापुरम। नगर के चहुंमुखी विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ नगर के सभी वार्डों में विकास कार्य अनवरत गति से किए जा रहे हैं। चाहे नाली निर्माण हो या फिर सड़क निर्माण। नागरिक को मूलभूत सुविधाएं देना हमारा का कर्तव्य है।
यह बात वार्ड 29 और 33 में सड़क निर्माण के भूमि पूजन के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने कही। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में लगातार नगर में विकास कार्य किए जा रहे हैं जिसमें चौक चौराहों का चौड़ीकरण, नर्मदा लोक कोरीडोर का निर्माण, राजघाट का उन्नयन कार्य के साथ ही अत्याधुनिक बस स्टेंड का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें आमजन के साथ ही बाहर से आने वाले यात्रियों को सुविधाएं मिलेगी। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की परिकल्पना अनुरूप कार्य कर रहे हैं।
उपयंत्री आयुषी रिछारिया ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव द्वारा वार्ड 29 में 30 लाख की लागत से तथा वार्ड 33 में दो सड़क एक 6 लाख की लागत से तथा दूसरी 28 लाख की लागत से निकाय मद से निर्माण कार्य भूमि पूजन किया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड 29 की पार्षद सुषमा खस्री, वार्ड 33 की पार्षद वंदना चुटीले, पूर्व पार्षद नंदकिशोर यादव, पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष राम नवलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पत्रकार राजू जमनानी, भाजपा नेता मनोहर बड़ानी, जिला मीडिया अमित माहाला, रजनी यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।