प्रमोद गुप्ता /प्रवीण अग्रवाल
सारणी/घोड़ाडोंगरी। बैरेठा से घोड़ाडोंगरी 14 किलोमीटर का मार्ग 3 वर्ष में भी पूरा नहीं हो पाया है जिससे घोड़ाडोंगरी के व्यापारियों में आक्रोश है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव प्रमोद अग्रवाल बुधवार को घोड़ाडोंगरी आए थे। इस अवसर पर घोड़ाडोंगरी के व्यापारियों ने उनसे मुलाकात करके मुख्य मार्ग की समस्या बताई। घोड़ाडोंगरी के व्यापारी मनोज अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल ने बताया कि 14 किलोमीटर का मार्ग निर्माण करने में संबंधित कंपनी को 3 साल से अधिक समय लग चुका है। उसके बाद भी मार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में घोड़ाडोंगरी का व्यापार लगभग चौपट हो गया है। मार्ग खराब होने की वजह से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग घोड़ाडोंगरी आना पसंद नहीं करते, स्थिति यह है, कि घोड़ाडोंगरी में बस और जीप के प्रवेश करने से पहले से ही सारणी और बैतूल के लिए रवाना हो जा रही है। उन्होंने बताया कि बैरेठा मार्ग लगभग बंद सा हो गया है। ऐसी स्थिति को देखते हुए घोडड़ोगरी के व्यापारी और नगर की महिलाओं ने मुख्य मार्गों को बाधित करके अपनी समस्या जिला प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया था। लेकिन मप्र सड़क डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अधिकारी इसको गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बताया जाता है कि दिसंबर में घोड़ाडोंगरी के व्यापारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल भी की थी जिस पर विभाग के आला अधिकारी और ठेकेदार ने 31 मार्च 2017 तक पूरे मार्ग का निर्माण कार्य करने का आश्वासन दिया था। इसे भी 4 माह का समय बीत गया है, लेकिन मार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से मुलाकात करने वालों में अशोक मित्तल, अजय मालवी, श्याम बंक, प्रशांत बंक, अखिलेश नामदेव सहित अंय व्यापारी शामिल हंै।
घोड़ाडोंगरी के व्यापारियों में आक्रोश, मार्ग रोकने की चेतावनी दी
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







