इटारसी। लॉक डाउन के दौरान दो माह से भी अधिक समय तक अपने घर में बैठे भवन निर्माण श्रमिकों को प्रदेश शासन की घोषणा अनुसार राशि प्रदान करने की मांग असंगठित कामगार कांग्रेस ने की है। साथ ही जहां मजदूर सुबह एक साथ एकत्र होते हैं, वहां मजदूरों के हितार्थ योजनाओं को प्रदर्शित करता बोर्ड लगाने की मांग भी की है। इन मांगों का एक ज्ञापन सीएमओ के माध्यम से कलेक्टर को संगठन ने प्रदान किया है।
मंगलवार को दोपहर सीएमओ की गैरमौजूदगी में कार्यालय अधीक्षक संजय सोहनी ने यह ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि भवन निर्माण कर्मकार पात्र श्रमिकों का पंजीयन अति शीघ्र किया जाए। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व पार्षद अवध पांडेय ने कहा कि विगत दिनों लॉकडाउन का पालन करते हुए जिले के शहरी व ग्रामीण अंचलों के समस्त भवन निर्माण कर्मकार श्रमिक भी अपने-अपने घरों में रहे। मध्यप्रदेश शासन के योजना अनुसार प्रत्येक श्रमिक को 1000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, अत: हमारा यह निवेदन है शासन की योजना पात्र श्रमिकों तक पहुंचे एवं सभी पात्र श्रमिकों का पंजीयन भी शीघ्र हो, शासन की योजना से कोई भी पात्र श्रमिक नहीं छूटे अत: पंजीयन करके श्रमिकों को उनका हक मिले, शासन की योजना प्रचार प्रसार व्यापक रूप से किया जाए, जय स्तंभ चौक एवं तुलसी चौक दो स्थानों पर फ्लेक्स लगाए जाएं ताकि श्रमिकों को जानकारी प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर अवध पाण्डेय, पंकज पटेल, नरेंद्र वर्मा, इरशाद अहमद सिद्दीकी, राहुल दुबे, धर्मेंद्र मालवीय, मनमोहन यादव मौजूद थे। इन सभी ने फिजिकल डिस्टेंस का पालन कर, मास्क लगाकर नगर पालिका में कार्यालय अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
श्रमिकों को योजना का लाभ दिलाने दिया ज्ञापन


Rohit Nage
Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.
For Feedback - info[@]narmadanchal.com






