रीतेश राठौर, केसला। नेशनल हाईवे 69, केसला और इटारसी के बीच काली मंदिर के समीप बहने वाली सूखी नदी की पुलिया पर बड़ी दुर्घटना की आशंका है। यहां 25 जून को पुलिया के किनारे दरार आयी थी, उस वक्त एनएचएई के अधिकारियों और फोनलेन निर्माण कर रहे ठेकेदार के इंजीनियर्स ने फौरी तौर पर उसे दुरुस्त कर दिया था। बावजूद इसके अब पुन: भारी वाहन निकलने से इसकी दरारें बढऩे लगी हैं। मार्ग में जहां पुलिया कमजोर होने की आशंका है, वहां रेत की बोरियां रखकर एक तरफ से वाहनों को निकाला जा रहा है। लेकिन, बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव के कारण यहां दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
केसला से इटारसी रोड पर सूखी नदी पड़ती है। बारिश के दिनों में इसका बहाव काफी तेज होता है। पुलिया की ऊंचाई भी काफी कम होने से कई बार पानी इसके ऊपर से निकलता है। 25 जून को पुलिस के एक तरफ दरार आ गयी थी। उस वक्त जानकारी मिलने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों और फोरलेन बना रहे ठेकेदार के इंजीनियर्स ने कुछ मरम्मत कर दी थी। लेकिन, यह अस्थायी थी। इसके बाद से एनएचएआई के अधिकारियों ने इस पुलिस की मरम्मत के लिए पलटकर नहीं देखा है। तब से अब तक एक तरफ से ही वाहनों की आवाजाही चल रही है। लेकिन, बारिश के दिनों में यह खतरनाक हो सकती है। अभी बहुत पानी नहीं बरस रहा है, ऐसे में पुलिया की बेहतर मरम्मत की जा सकती है। फोरलेन पर इसके साइड से बन रही पुलिया को बनने में काफी लंबा वक्त लगेगा और हो सकता है कि बारिश के बाद ही यहां पुलिया निर्माण हो सके। अत: किसी अनहोनी से बचने के लिए इसे दुरुस्त करना आवश्यक है।








