इटारसी। मध्यप्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों में कोहरे का प्रभाव रहेगा। पिछले चौबीस घंटे के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा है।
मौसम विभाग (weather department) से मिली जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के दतिया और ग्वालियर जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहा। छतरपुर जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा।
न्यूनतम तापमानों में सभी संभागों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ, वे शहडोल संभाग में सामान्य से काफी कम, इंदौर संभाग में सामान्य एवं शेष संभागों में सामान्य से कम रहे। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस उमरिया में दर्ज किया गया।
मध्यप्रदेश के चंबल संभाग, ग्वालियर, दतिया, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 12 एवं 13 जनवरी 48 घंटों तक तापमान में क्रमिक वृद्धि, उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।