पारे की जबरदस्त उछाल, रात में भी बैचेन करने वाली गर्मी के आसार
इटारसी। मार्च का महीना खत्म होने से पहले ही गर्मी ने मई जैसा असर दिखाना प्रारंभ कर दिया है। ऐसा लग रहा है, जैसे सड़कों पर गर्मी मार्च कर रही हो। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी कुछ दिनों में हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि हवा तो अभी भी गर्म है और चिलचिलाती धूप अभी से लोगों का पसीना निकाल रही है।
पारे की चाल ऊपर की ओर बढ़ चली है और आज पारा चालीस को पार कर गया है। हालांकि कल इसके एक डिग्री कम होने की संभावना है। इटारसी और नर्मदापुरम में आज पारा 41 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। कल के बाद से हालांकि पारे में गिरावट होने की संभावना है। यह अगले दस दिनों में धीरे-धीरे उतरकर वापस 38 डिग्री तक आ सकता है।
यानी बहुत ज्यादा नहीं दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। जहां तक निम्रतम तापमान की बात करें तो रात गर्म रहने वाली हैं। आज रात भी तापमान 25 डिग्री तक रहने की संभावना है। रात 1 बजे तक तापमान 30 डिग्री और इसके बाद कम होते-होते सुबह 7 बजे यह 25 डिग्री तक पहुंचेगा। यानी आज की रात भी गर्म होने वाली है।