इटारसी। विश्व आदिवासी दिवस पर आज आदिवासी विकासखंड केसला के सहेली स्टेडियम में हजारों आदिवासी एकत्र हुए। ये आदिवासी ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण अंचलों से जुलूस की शक्ल में यहां पहुंचे थे। केसला के खेल मैदान में एक सभा का आयोजन किया गया।
आदिवासी कालाआखर, जमानी, तीखड़, टांगना, जुझारपुर, पथरोटा सहित दर्जनों गांवों से जुलूस की शक्ल में पहुंचे थे। टांगना से एक जुलूस जमानी होता हुआ इटारसी, पथरोटा होकर केसला ब्लाक मुख्यालय पहुंचा था। सहेली के स्टेडियम में हर ओर पीले झंडे दिखाई दे रहे थे। इनकी जुबां पर नारे थे, जल, जंगल, जमीन की रक्षा कौन करेगा, हम करेंगे, हम करेंगे। आदिवासियों ने इस दौरान बिरसा मुंडा को भी याद किया जिन्हें ये समुदाय भगवान का दर्जा देता है।
रानी दुर्गावती के बलिदान को भी आदिवासियों ने याद किया। जुलूस में आदिवासी युवक-युवतियों ने पारंपरिक नृत्य किया, कई के हाथों में तीन-कमान थे और वे पारंपरिक आदिवासी परिधान पहले थे। ग्राम सहेली के स्टेडियम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम कलमे, जिला पंचायत सदस्य सीमा कासदे, आदिवासी नेता फागराम, कोरकू समाज से नर्मदा प्रसाद नागले, सुशील बरकड़े, गुलाब बारस्कर के अलावा युवा नेता और इटारसी नगर पालिका के पार्षद राहुल प्रधान, विनोद बारिवा, दुर्गेश कामले आदि मौजूद रहे।








