इटारसी। तवा बांध के गेट इस मानसूनी सीजन में दूसरी बार खोले गये हैं। आज सुबह 6:30 बजे से बांध के पांच गेट पांच फिट तक खोलकर 43010 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। तवा डेम का वर्तमान जल स्तर 1164.10 फीट हो गया है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे हेतु चेतावनी की है साथ ही तवा बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में हो रही निरंतर वर्षा से बांध में जल की आवक को देखते हुए, तवा बांध के बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने हेतु बांध के गेट खोलकर 43010 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी की तवा नदी में की जा रही है।
पिछले चौबीस घंटे में तवा बांध के कैचमेंट एरिया में 42.60 मिमी तथा पचमढ़ी में 20.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। कार्यपालन यंत्री तवा परियोजना संभाग ने तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने की सलाह दी है।
इन तिथियों में इतना रखना है जलस्तर
- 31 अगस्त 1163 फिट
- 15 सितंबर 1165 फिट
- 30 सितंबर 1166 फिट








