नर्मदापुरम। 30 अगस्त 2025 को नर्मदापुरम में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से गिरने की खबर मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचाई।
देहात नर्मदापुरम थाने को सूचना मिली थी कि कंचन नगर, रसूलिया के पास एक व्यक्ति रेलवे पटरी पर गिरा हुआ है।सूचना मिलते ही, प्रधान आरक्षक संजय गौर तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने राहगीरों की मदद से घायल व्यक्ति को रेलवे लाइन से निकाला। घायल की पहचान बनखेड़ी निवासी प्रदीप अहिरवार के रूप में हुई, जो इटारसी से भोपाल जाने वाली ट्रेन से गिर गए थे।
पुलिस ने बिना देरी किए 108 एम्बुलेंस को बुलाया और घायल प्रदीप अहिरवार को तुरंत जिला अस्पताल नर्मदापुरम इलाज के लिए भेज दिया। समय पर मिले इलाज से उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।पुलिस की इस तत्परता और सहयोग की घायल के परिवार वालों ने बहुत प्रशंसा की है। उनका कहना है कि पुलिस की समय पर की गई मदद से ही उनके परिजन को सही समय पर इलाज मिल पाया।









