इटारसी। मंगलवार की रात, वन विभाग और सर्पमित्रों की टीम ने ग्राम गोंची तिरोंदा में एक दुर्लभ और हल्के विषैले सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह सांप एक घर की पहली मंजिल पर पेड़ पर दिखाई दिया था, जिससे लोगों में भय का माहौल था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे प्रमोद चौबे ने वन विभाग को अपने घर में सांप होने की सूचना दी। वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में सर्पमित्र अभिजीत यादव, अभय चौरे, मोहित मेहरा और राजा तुरंत मौके पर पहुंचे।
सर्पमित्र अभिजीत ने पेड़ पर बैठे सांप की पहचान एक दुर्लभ प्रजाति के फोस्र्टन कैट स्नेक के रूप में की। यह सांप हल्का विषैला होता है और यह प्रजाति मुख्य रूप से दक्षिण एशिया में पाई जाती है। करीब 3 फीट लंबे इस सांप को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया। इसके बाद, सांप को उसके पुनर्वास के लिए वनपरिक्षेत्र के एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।








