नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस थोटा (भापुसे) द्वारा जिला नर्मदापुरम में अवैध शराब विक्रय के संबंध में निरंतर प्राप्त हो रही शिकायतों को दृष्टिगत रखते हुए जिले के समस्त थाना प्रभारियों को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। जिसके परिप्रेक्ष्य में अवैध शराब के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान अंतर्गत आज 21 सितंबर 2025 को कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी एक्सेस स्कूटी एमपी-04-यज-5387 पर अवैध शराब लेकर नमन नर्मदा गार्डन के सामने भोपाल तिराहे की ओर जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी मानसिंह उर्फ चिकरू सिकलीकर पिता राम सिंह, निवासी ओवरब्रिज के नीचे, बंगाली कॉलोनी, नर्मदापुरम को रोककर स्कूटी की तलाशी ली।
तलाशी में पुलिस ने देसी मदिरा प्लेन शराब की पांच पेटियां, प्रत्येक पेटी में 50 क्वार्टर (कुल 45 लीटर) और पावर बियर (10000 ब्रांड) की एक पेटी, जिसमें 24 कैन (कुल 12 लीटर) इस प्रकार कुल 57 लीटर अवैध शराब जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 18,000 रुपये, साथ ही परिवहन में प्रयुक्त की गई स्कूटी भी जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्र. 761/25 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी मानसिंह उर्फ चिकरू सिकलीकर पिता राम सिंह एक आदतन अपराधी है जिसपर अवैध शराब, जुआ, एवं सट्टा के कुल 21 अपराध पंजीबद्ध है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश, भागवेन्द्र, पंकज एवं आरक्षक गजेन्द्र की मुख्य भूमिका रही।









