सिवनीमालवा। जिला पुलिस कप्तान साईं कृष्णा एस थोटा के निर्देश पर सिवनीमालवा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए चार माह की बच्ची की हत्या के आरोप में उसकी दादी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पोता न होने की चाहत में दादी ने अपनी मासूम पोती की हत्या कर दी।
कुएं से बरामद हुआ था बच्ची का शव
यह घटना सिवनीमालवा के ग्राम बैरखेड़ी की है। शुक्रवार की सुबह पुलिस को एक सूचना मिली, जिसके बाद एक दलदल भरे कुएं से चार माह की बच्ची का शव बरामद किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मासूम बच्ची झूले में सो रही थी और उसकी मां मीरा घर के पीछे बर्तन धो रही थी। इसी मौके का फायदा उठाकर बच्ची की दादी मीनाबाई अश्वारे ने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी और शव को एक पोटली में बांधकर कुएं में फेंक दिया।
लड़के की चाह में किया अपराध
पुलिस की पूछताछ में आरोपी दादी मीनाबाई ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसे पोते की चाह थी और पोती पैदा होने से वह बहुत नाराज थी। बच्ची के जन्म के बाद उसने कई बार तांत्रिकों और गुनियों की शरण भी ली थी, लेकिन जब कोई फायदा नहीं हुआ तो उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया। सिवनीमालवा पुलिस ने आरोपी दादी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










