इटारसी। नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी ने आज गुरुवार को इटारसी में प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय इटारसी और जनपद पंचायत कार्यालय केसला का अचानक निरीक्षण किया। कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे किए गए इस निरीक्षण में अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कमिश्नर ने सख्त नाराजी जाहिर की और नियम अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम कार्यालय और तहसीलदार कोर्ट में सन्नाटा
कमिश्नर श्री तिवारी जब 10 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचे, तो एसडीएम इटारसी सहित तहसीलदार इटारसी अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। एसडीएम कार्यालय के अधिकांश कर्मचारी भी नदारद मिले। कार्यालय में केवल दो रीडर (शिवम पांडे और विवेक शर्मा), एक कंप्यूटर ऑपरेटर (अजय पटेल), और एक प्यून (सुनील पटेल) मौजूद थे। सुबह 10:30 बजे तक यही स्थिति बनी रही। यही हाल तहसीलदार कोर्ट का भी था, जहां मात्र एक कंप्यूटर ऑपरेटर और एक प्यून बैठे मिले।
कमिश्नर श्री तिवारी ने इस लापरवाही पर कड़ी नाराजी व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यालय समय में अधिकारियों और कर्मचारियों का अनुपस्थित रहना क्षमा योग्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांवों से आने वाले हितग्राहियों को अधिकारियों का इंतजार करना पड़ता है, जो शासन की मंशा के विरुद्ध है। उल्लेखनीय है कि कमिश्नर के कार्यालय से निकलते ही नायब तहसीलदार हीरू कुमरे कार्यालय आते दिखाई दिए।
जनपद पंचायत केसला में 16 कर्मचारी गायब
एसडीएम कार्यालय के निरीक्षण के बाद कमिश्नर श्री तिवारी जनपद पंचायत कार्यालय केसला पहुंचे। वहां भी स्थिति खराब मिली। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुमन खातरकर सहित कार्यालय में पदस्थ 26 कर्मचारियों में से 16 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कमिश्नर ने इस पर सख्त नाराजी जताते हुए कहा कि बार-बार हिदायत के बाद भी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हो रहा है, जिससे हितग्राहियों के काम समय पर नहीं हो पाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को अपने आचरण में सुधार लाने और समय पर कार्यालय आने के निर्देश दिए।
श्री तिवारी ने चेतावनी दी कि वह जल्द ही एक बार फिर इन कार्यालयों का निरीक्षण करेंगे और यदि यही स्थिति पाई गई, तो अनुपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त एक्शन लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त विकास जीसी दोहर भी उनके साथ उपस्थित थे।








