नर्मदापुरम। पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान ‘अभिमन्यु 3’ के तहत नर्मदापुरम में एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ पुलिस लाइन से प्रारंभ हुई, जिसे एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर एसडीओपी पाठक ने ‘अभिमन्यु’ अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस पहल का मकसद समाज में बचपन से ही लैंगिक समानता, आपसी सम्मान और महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा, ‘जिस तरह महाभारत में अभिमन्यु ने गर्भ में ही ज्ञान अर्जित किया था, उसी प्रकार बच्चों को भी प्रारंभिक अवस्था से ही सामाजिक, नैतिक और कानूनी शिक्षा देकर जागरूक करना आवश्यक है।’
यह मैराथन रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर मीनाक्षी चौक, मीना बाजार और अजाक चौराहा होते हुए, वापस पुलिस लाइन पर आकर संपन्न हुई। इस आयोजन में थाना प्रभारी कोतवाली कंचन ठाकुर, एएसआई सविता गंजाम, आरक्षक महिला सेल से अनिता मांझी, मनोहर बरेला सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह दौड़ जिले में लैंगिक जागरूकता के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास था।









