---Advertisement---

लाखों के चबूतरे तोड़ दिए, फिर भी सड़कों पर ‘राज’ कर रहे फल विक्रेता

By
On:
Follow Us
  • नपा की नई योजना में लाखों रुपये खर्च के बाद भी मुख्य बाजार में जाम

इटारसी। आबादी और वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ रहे शहर की मुख्य सड़कों पर फल विक्रेताओं का मनमाना अतिक्रमण बदस्तूर जारी है। नगर पालिका द्वारा इन्हें स्थायी रूप से हटाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई योजना भी विफल साबित होते दिखाई दे रही है, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित हो रहा है और दुकानदार परेशान हैं।

स्थिति यह है कि जयस्तंभ चौक से लेकर द्वारिकाधीश मंदिर रोड, नीमबाड़ा, स्टेशन रोड और सरकारी अस्पताल रोड तक पूरे बाजार में सुबह से देर रात तक फलों के ठेले लगे रहते हैं। इन ठेलों की मनमानी के आगे नपा का अतिक्रमण विरोधी अमला भी लाचार साबित हो रहा है।

चबूतरे तोडऩे के बाद भी नहीं माने फल विक्रेता

अतिक्रमण हटाने की दिशा में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के निर्देश पर नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने हाल ही में बड़ी कार्रवाई की थी। पिछली भाजपा परिषद में सब्जी मंडी के पास कवर्ड शेड में फल विक्रेताओं के लिए जो लाखों रुपये के चबूतरे बनाए गए थे, फल विक्रेताओं के उपयोग न करने के कारण उन्हें बुलडोजर चलाकर तुड़वा दिया था। घोषणा यह थी कि चबूतरे टूटने के बाद परिसर को समतल कर फल विक्रेताओं को मुख्य बाजार से खदेड़कर इसी जगह स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा। लेकिन, चबूतरे तोडऩे के बाद भी न तो कोई फल विक्रेता इस खाली जगह पर आया, और न ही नगर पालिका ने उन्हें शिफ्ट करने की कोई ठोस कोशिश की।

पहले जैसी ही है तस्वीर

लाखों रुपये के चबूतरे तोडऩे के बावजूद, यह समतल परिसर आज भी खाली पड़ा है। यह जगह अब सब्जी विक्रेताओं के भंडार गृह, लोडिंग-अनलोडिंग वाहनों की पार्किंग और मवेशी बांधने का अड्डा बन चुकी है। यानी, लाखों रुपये की लागत से बने चबूतरे तोडऩे का उद्देश्य पूरा नहीं हुआ और जनता का पैसा बर्बाद हो गया।

मनमानी से चरम पर अतिक्रमण

बाजार क्षेत्र में 100 से ज्यादा ठेले सड़कों पर मनमानी कर रहे हैं, जिसके कारण यातायात तो बाधित हो ही रहा है, दुकानदारों के लिए भी अपनी दुकानों के सामने वाहन खड़े करने की जगह नहीं बच रही है। कई बार फल विक्रेताओं ने नपा कर्मियों से बहसबाजी और मारपीट तक की है। वाहन चालकों का कहना है कि शहर की सड़कें पहले से ही अतिक्रेमण की चपेट में हैं और अब इन ठेलों के कारण आवाजाही मुश्किल हो गई है। कुछ फल विक्रेताओं पर महिलाओं को देखकर द्विअर्थी संवाद करने के भी गंभीर आरोप हैं, जिससे महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

नपा अध्यक्ष का कहना, जल्दी शिफ्ट करेंगे

इटारसी व्यापार महासंगठन ने भी विधायक शर्मा से फल विक्रेताओं की समस्या को लेकर चर्चा की है। विधायक भी कई बार अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन अतिक्रेमण हटाने की बात पर प्रशासन लाचार साबित हो रहा है।
इस संबंध में नपा अध्यक्ष पंकज चौरे का कहना है कि ‘फल विक्रेताओं के ठेलों को लेकर लगातार शिकायत मिल रही है।

उपयोगहीन चबूतरे तोड़ दिए हैं। अब खाली हो चुके शेड का मेंटनेंस कर जल्द ही प्रशासन के सहयोग से सारे फल विक्रेताओं को यहां स्थाई रूप से शिफ्ट किया जाएगा। जो विक्रेता बाजार में नजर आएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, आने वाले दिनों में दीवाली का त्योहार है, जब त्योहारी बाजार भी सड़कों पर लगाया जाएगा, ऐसी स्थिति में प्रशासन के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि वर्तमान में शहर में हालात और बिगडऩे की आशंका है।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.