लखनऊ। उत्तर प्रदेश तैलिक साहू महासभा (पंजीकृत) के चुनाव में सिद्ध गोपाल साहू को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया है। महासभा के संरक्षक रामलाल गुप्ता की अध्यक्षता में यह चुनाव कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से होटल कमाल, गोमतीनगर, लखनऊ में आयोजित हुआ, जिसमें केन्द्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर रमेश के साहू इटारसी मध्यप्रदेश, मुख्य चुनाव अधिकारी महेन्द्र भारती, अर्जुन प्रसाद व उमाशंकर साहू सहायक चुनाव अधिकारी सहित महासभा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
चुनाव प्रक्रिया और परिणाम
निर्धारित कार्यक्रम और प्रक्रिया के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय लोक संस्थान के निदेशक प्रोफेसर उमेश चुनाव अधिकारी के रूप में मौजूद थे। इस अवसर पर महासभा के संरक्षक रामलाल गुप्ता ने उच्च न्यायालय के आदेशों एवं शासनादेश के अनुपालन में, चुनाव प्रक्रिया के तहत दिलीप साहू कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से अध्यक्ष पद के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की। एकमात्र नामांकन पत्र सिद्ध गोपाल साहू का प्राप्त हुआ, जिसे सही पाए जाने पर चुनाव अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। इसके बाद, उन्होंने सिद्धगोपाल साहू को प्रमाणपत्र सौंपा।
शपथ ग्रहण और नई कार्यकारिणी
निवर्तमान कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष दिलीप साहू ने नए प्रदेश अध्यक्ष सिद्धगोपाल गोपाल साहू को बधाई दी और कार्यभार सौंपा। इसके बाद, नए प्रदेश अध्यक्ष ने महासभा की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया। इस कार्यकारिणी में कैलाश साहू को महामंत्री, विनोद कुमार गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष, और राजकुमार साहू को प्रदेश महासचिव सह संगठन मंत्री नियुक्त किया।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सिद्धगोपाल साहू ने महासभा को सुदृढ़ करने और समाज के हितों के लिए कार्य करने की प्रतिज्ञा व्यक्त की। अंत में, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष दिलीप साहू ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।








