इटारसी। इटारसी अनुविभाग के अंतर्गत पथरोटा थाना क्षेत्र और इटारसी थाना क्षेत्र में चोरी और मारपीट के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने फरियादियों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पथरोटा थाना अंतर्गत ग्राम बोरतलाई में एक किसान के खेत से अज्ञात आरोपियों द्वारा 6.5 लाख की ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का मामला सामने आया है। राजकुमार पटेल पिता बलराम पटेल, 50 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई कि 21 अक्टूबर की रात 10 बजे स 22 अक्टूबर की सुबह 7 बजे के बीच दो अज्ञात आरोपी उनके खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली चुरा ले गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमानित कीमत 6,50,000 (छह लाख पचास हजार रुपये) बताई गई है। पथरोटा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश एवं जांच प्रारंभ कर दी है।
जगह के विवाद को लेकर मारपीट
इटारसी थाना अंतर्गत ग्राम सोनासांवरी में जगह के विवाद को लेकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। फरियादी केसरबाई पति मोहन जोठे, 65 वर्ष, निवासी पटेल मोहल्ला ने शिकायत दर्ज करायी है कि आरोपी अनूप जोठे, श्याम बाबू जोठे, रीना पति अनूप जोठे, रीना पति श्यामबाबू जोठे, संगीता पति अमित जोठे सभी निवासी ग्राम सोनासांवरी ने जगह के विवाद को लेकर उनके और उनके बेटों राहुल जोठे और रोहित जोठे के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की, धारदार वस्तु से चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी दी। इटारसी पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।







