रितेश राठौर , केसला। आदिवासी विकासखंड केसला अंतर्गत ग्राम केसला में नेशनल हाईवे-46 फोरलेन के पास स्थित शकुंतला कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देकर क्षेत्रवासियों में दहशत फैला दी है। पुलिस ने फरियादी प्रकाश सोनी पिता राधेश्याम सोनी 55 वर्ष की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ज्वेलर्स शॉप को बनाया निशाना
चोरों ने सबसे पहले आरंभ ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले शटर का ताला तोड़ा और फिर अंदर लगे चैनल गेट को तोडक़र दुकान में प्रवेश किया। चोरों ने दुकान से लगभग 3000 से 4000 नगद, साथ ही चांदी के आभूषण जैसे कंगन और पैर की पायल आदि चोरी कर लिए।
सबूत मिटाने की कोशिश
चोरी के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से अज्ञात बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ लेकर फरार हो गए, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
मकान में भी हुई सेंधमारी
इसी दौरान चोरों ने पास के नागेश निवास मकान को भी निशाना बनाया। यहाँ दो कमरों के दरवाजों के ताले तोडक़र घर में सेंधमारी की गई और चोर पीतल के बर्तन चोरी करके ले गए।
क्षेत्र में बढ़ता आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं, और चोर हथियारों के साथ वारदात करने आते हैं। पहले भी एसबीआई एटीएम केसला में चोरी का प्रयास करते हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद से ही क्षेत्रवासियों में गहरा भय और आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस रात्रि गश्त को और अधिक बढ़ाए और इन चोरों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करे, ताकि कॉलोनी में फिर से सुरक्षित माहौल स्थापित हो सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में गश्त लगातार जारी है।










