नर्मदापुरम। स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को पीएमश्री नर्मदा महाविद्यालय का प्रांगण अध्यात्म और आरोग्य के संगम का साक्षी बना। यहां आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और 25 स्कूलों के लगभग 3000 छात्र-छात्राओं ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर अपनी शारीरिक और मानसिक शक्ति का प्रदर्शन किया।
व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण का आधार है योग
भोपाल से प्रसारित उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार केवल व्यायाम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और चरित्र को निखारने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे और जंक फूड से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाने और पाठ्य पुस्तकें पढऩे की आदत डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी संस्कृति पर गर्व करते हुए आगे बढ़ रहा है।
सांसद और अधिकारियों ने किया अभ्यास
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने विद्यार्थियों के साथ स्वयं सूर्य नमस्कार के आसन किए। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार को दैनिक चर्या का हिस्सा बनाने से शरीर में स्फूर्ति और मन में संतोष बना रहता है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हिंमाशु जैन, अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडे, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी योग की मुद्रा में नजर आए।
12 आसनों का मंत्रमुग्ध कर देने वाला अभ्यास
योग गुरु नरेंद्र गुरु के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार के 12 आसनों प्रणामासन से लेकर हस्त उत्तानासन तक के तीन चक्र पूरे किए। कार्यक्रम की शुरुआत आकाशवाणी से प्रसारित राष्ट्रगीत वंदे मातरम और स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो उद्बोधन से हुई। सूर्य नमस्कार के पश्चात विद्यार्थियों ने भ्रामरी प्राणायाम और अनुलोम-विलोम का भी अभ्यास किया।
अनुशासन और उल्लास का वातावरण
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद सभी सहभागी बच्चों को स्वल्पाहार वितरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति ने आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में नीति आयोग के सदस्य अवनीश त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, डीपीसी राजेश जायसवाल और विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य व शिक्षक उपस्थित रहे।









