नर्मदापुरम। मां नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नगर गौरव दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष का उत्सव तकनीक और भव्यता का अनूठा संगम होगा, जिसमें पहली बार डिजिटल आतिशबाजी और लेजर लाइट शो मुख्य आकर्षण रहेंगे।
मोटरबोट से घाटों का निरीक्षण
तैयारियों की समीक्षा करने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, सीएमओ हेमेश्वरी पटले और विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव ने मोटरबोट के जरिए विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों की पुताई और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। नपाध्यक्ष ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
डिजिटल आतिशबाजी और लेजर शो
नगरपालिका प्रशासन इस बार श्रद्धालुओं के लिए कुछ खास करने जा रहा है। नपा के गौरव वर्मा ने बताया कि उत्सव के दौरान आसमान डिजिटल आतिशबाजी से सराबोर होगा। साथ ही, लेजर लाइट शो के माध्यम से माँ नर्मदा की महिमा का प्रदर्शन किया जाएगा, जो यहाँ आने वाले हज़ारों श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव होगा।
नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि मां नर्मदा प्रकटोत्सव हमारा गौरव है। इस बार डिजिटल आतिशबाजी और लेजर शो विशेष आकर्षण होंगे। मेरी सभी नागरिकों से विनती है कि उत्सव के दौरान घाटों पर गंदगी न फैलाएं और मां नर्मदा को स्वच्छ रखने में नगरपालिका का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता हंस राय सहित नगरपालिका की विशेष टीम और अन्य विभाग प्रमुख उपस्थित रहे। पूरे शहर और घाटों को सजाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।








