इटारसी | शहर के पुरानी इटारसी क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा। एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे के वक्त महिला के साथ मौजूद बच्चे सुरक्षित हैं, हालांकि महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना पुरानी इटारसी क्षेत्र की है। घायल महिला सपना नागवंशी, निवासी कैलाश नगर कॉलोनी अपने बच्चों यशिका और विवान को केंद्रीय विद्यालय से लेकर स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर गई और घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की तत्परता
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।डायल 112 की त्वरित कार्रवाईसूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। भीड़ द्वारा पकड़े गए ट्रक चालक को पुलिस के सुपुर्द किया गया। घायल महिला की स्थिति को देखते हुए डायल 112 एफआरवी के पायलट शेख अलीम ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पुरानी इटारसी पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।









