इटारसी। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर इटारसी पहुंचीं। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में उन्होंने नर्मदापुरम जिले की महिलाओं से आह्वान किया कि वे घरों से बाहर निकलकर कांग्रेस को मजबूती प्रदान करें।
बैठक में रीना बोरासी ने महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने 33% महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में महिलाएं ही नेतृत्वकारी भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने स्वागत भाषण दिया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और महिला नेत्री उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार ने और आभार राशिका डेरिया ने व्यक्त किया।









