इटारसी। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र पटवा लाइन में बीती रात अज्ञात चोरों ने मनिहारी की तीन दुकानों को अपना निशाना बनाने का प्रयास किया। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकानों के ताले टूटे और शटर मुड़े हुए देखे, तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत दुकान मालिकों और पुलिस को दी गई।
तड़के 3:30 से 4 बजे के बीच हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने खुशी जनरल स्टोर्स समेत दो अन्य मनिहारी दुकानों के शटर उठाकर भीतर घुसने की कोशिश की। यह पूरी घटना सुबह लगभग 3:30 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। गनीमत रही कि चोर किसी बड़ी चोरी को अंजाम देने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाए, लेकिन इस प्रयास ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
असामाजिक तत्वों और नशेडिय़ों का जमावड़ा
स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी व्यक्त की है। व्यापारियों का आरोप है कि रात के समय इन तंग गलियों में पुलिस की पेट्रोलिंग बिल्कुल नहीं होती। सुबह के वक्त भी घटनास्थल के आसपास कई नशेड़ी घूमते देखे गए। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं असामाजिक तत्वों ने चोरी का प्रयास किया होगा। नाम न छापने की शर्त पर एक दुकानदार ने बताया कि क्षेत्र की गलियों में रात के समय कच्ची शराब धड़ल्ले से बेची जाती है।
कमला नेहरू पार्क जैसी कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि जिस तरह पुलिस ने कमला नेहरू पार्क की टंकी के पास अभियान चलाकर गंजेडिय़ों के अड्डे को ध्वस्त किया था, ठीक वैसी ही सख्त कार्रवाई पटवा लाइन की गलियों में भी करने की आवश्यकता है। व्यापारियों ने मांग की है कि यहां नियमित गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
इनका कहना है…
सारी रात हमारी गश्त चलती है और गलियों में भी जाते हैं। घटना सुबह-सुबह की है, जब गश्ती दल वापसी करता है। रात में भी वहां पाइंट लगा था। हमारा ज्यादातर स्टाफ पचमढ़ी महादेव मेला और रामजी बाबा मेला ड्यूटी पर है, कम से कम स्टाफ में ड्यूटी चल रही है, व्यापारियों को हमेशा कहते हैं कि सीसीटीवी कैमरा लगवायें, जहां तक गांजा पीने वालों की बात है तो हम सुबह-सुबह भी भेजकर कमला पार्क जैसा अभियान चलाएंगे।
गौरव बुंदेला, टीआई








