इटारसी | मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) की वार्षिक परीक्षाओं का मंगलवार से शंखनाद हो गया। पहले दिन कक्षा 12वीं के परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी विषय का पेपर हल किया। इटारसी शहर और केसला ब्लॉक के परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती और तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला।
हाईटेक परीक्षा: मोबाइल सिग्नल फेल
नकल माफियाओं और डिजिटल चोरी पर लगाम लगाने के लिए इस बार शिक्षा विभाग ने ‘हाईटेक सुरक्षा’ अपनाई है। इटारसी के 3 प्रमुख केंद्रों और केसला के एक स्कूल में जैमर सिस्टम का प्रयोग किया गया। इसके चलते परीक्षा हॉल के भीतर कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या मोबाइल सिग्नल काम नहीं कर सके।
छात्र बोले- “पेपर ने कर दिया खुश”
कठिन माने जाने वाले अंग्रेजी के पेपर को लेकर छात्रों में डर था, लेकिन परीक्षा हॉल से बाहर निकले छात्र मुस्कुराते नजर आए। बलराज सिंह और यश चौधरी ने बताया कि प्रश्नपत्र काफी सरल और संतुलित था। अक्षरा यादव और शांता कहार के अनुसार, समय प्रबंधन में कोई दिक्कत नहीं आई और पेपर उम्मीद से बेहतर गया।
मेहरागांव और फ्रेंड्स स्कूल में 100% उपस्थिति
शहर के 6 और ग्रामीण क्षेत्र (केसला) के 11 केंद्रों पर परीक्षा हुई। शासकीय कन्या शाला, मेहरागांव स्कूल, फ्रेंड्स स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर मालवीयगंज में सभी पंजीकृत छात्र उपस्थित रहे। सांदीपनि स्कूल में 1 छात्र और पुरानी इटारसी स्कूल में 2 छात्र अनुपस्थित रहे।
पैनी नजर, नकल का आंकड़ा शून्य
केसला ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य ने बताया कि पूरे ब्लॉक में 11 केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा हुई। उड़नदस्तों ने दिनभर सक्रियता दिखाई, परिणामस्वरूप पहले दिन क्षेत्र में एक भी नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।










