तीन दिन में 5 डिग्री बढ़ा तापमान, न्यूनतम में भी वृद्धि दर्ज

तीन दिन में 5 डिग्री बढ़ा तापमान, न्यूनतम में भी वृद्धि दर्ज

इटारसी। मौसम अब गर्म हो रहा है। पिछले तीन दिन में जहां अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री बढ़ा है। संभाग में अब भी आसमान पर चिंता के बादल छाए हुए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के आज दोपहर जारी पूर्वानुमान के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में होशंगाबाद और जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई है तो प्रदेश के शेष जिलों का मौसम शुष्क रहा है। प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस खरगौन में और सबसे कम 15 डिग्री धार, ग्वालियर और दतिया में दर्ज किया गया था।
होशंगाबाद में पिछले तीन दिनों के तापमान पर नजरें दौड़ाई जाएं तो स्पष्ट है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। जहां 28 मार्च को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और वर्षा 3 मिलीमीटर दर्ज हुई थी तो 29 और 30 को 21 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया था। अधिक तक तापमान जहां 28 मार्च को 33.7 डिग्री दर्ज किया था तो 29 मार्च को 35.5 और सोमवार 30 मार्च को 38.7 डिग्री दर्ज किया। इस तरह से तीन दिन में अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक बढ़ा है।

वर्षा का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च की सुबह तक संभाग के बैतूल जिले में हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारों का अनुमान है। इसी तरह से कही-कहीं गरज चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!