रितेश राठौर, केसला। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। बोरगांव मेगा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्लांट से एलपीजी सिलेंडर लेकर इटारसी जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद सिलेंडरों का भारी-भरकम लोहे का ढांचा (कैस्केड) ट्रक से टूटकर सड़क पर आ गिरा।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे केसला के पास अग्रसेन बाबा की पुलिया के समीप ट्रक क्रमांक एमपी 04 जेडजी 1455) का स्प्रिंग पत्ता अचानक टूट गया। इसके चलते चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक अन्य चार पहिया गाड़ी भी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बची।
बाल-बाल बचे लोग, सुरक्षित रहे सिलेंडर

राहत की बात यह रही कि सड़क पर घिसटने के बावजूद गैस सिलेंडरों के समूह (कैस्केड) में से किसी भी सिलेंडर में रिसाव (लीकेज) नहीं हुआ। यदि गैस का रिसाव होता, तो हाईवे पर भीषण अग्निकांड की स्थिति बन सकती थी।
घायल चालक अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में ट्रक चालक संजू धुर्वे 35 वर्ष, पिता नन्हे धुर्वे घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर यातायात संभाला और एंबुलेंस 108 की मदद से घायल चालक को तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
मुख्य बिंदु एक नजर में
- स्थान – एनएच-46, केसला, अग्रसेन बाबा पुलिया के पास।
- कारण – ट्रक का स्प्रिंग पत्ता टूटना।
- नुकसान – ट्रक क्षतिग्रस्त, चालक घायल।
- बड़ी राहत – कोई गैस रिसाव या जनहानि नहीं हुई।









