नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत नगरपालिका द्वारा विभिन्न आयोजित किए जा रहे हैं। नगर के कृष्णा कॉन्वेंट स्कूल रसूलिया में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर बच्चों को स्वच्छता के महत्व को समझाया। मुख्यातिथि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव का स्कूल प्रबंधन द्वारा जोरदार स्वागत किया।
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देशन में आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वच्छता अपनाएं बीमारी दूर भगाएं
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने कहा कि स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है। जहां जहां स्वच्छता रहती है वहां वहां से बीमारी भागती है। हमारे आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी न होने दें, जो भी यहां वहां कचरा फैंकता है उसे टोकें। साथ ही आपके वार्ड में आपके घर तक कचरा वाहन आता है स्वयं एवं अपने परिजनों को उसी में कचरा डालने के लिए प्रेरित करें। आपके सहयोग से ही हमारा नगर स्वच्छता में नंबर 01 बनेगा।
हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
नपा के सतीष यादव ने बताया कि इस दौरान कृष्णा कैरियर कांवेंट स्कूल में स्वच्छता से संबंधित वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध, नुक्कड़ नाटक, रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम में 400 छात्र-छात्राएं, शिक्षिका के साथ ही नपा के राहुल यादव,आकाश केवट, अभिषेक मगर्दे उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन वर्षा गाव्हडे द्वारा किया गया।









