इटारसी। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए, ग्राम भट्टी को स्वच्छ बनाने की मांग जोर पकड़ रही है। युवा नेता श्याम गालर के नेतृत्व में युवाओं ने ग्राम पंचायत सचिव श्रीमती लता त्यागी को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें गांव की नालियों की सफाई और सड़कों पर भरे पानी की उचित निकासी की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
नवरात्रि में श्रद्धालुओं को होगी परेशानी
श्याम गालर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के मंदिरों में पूजा-अर्चना करने और पंडालों में विराजित मूर्तियों के दर्शन के लिए निकलते हैं। सड़कों पर भरे पानी और कीचड़ के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में नवरात्रि शुरू होने से पहले इन समस्याओं का समाधान करने की अपील की गई है।
इन स्थानों पर सफाई की विशेष मांग

- राधा कृष्ण मंदिर के पास : यहां नाली की सफाई कर पानी की उचित निकासी की व्यवस्था की जाए।
- हाई स्कूल से मनमोहन चौधरी की दुकान तक : मेन रोड पर भरे रहने वाले पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था की जाए।
- खेड़ा मोहल्ला नदी उस पार : सड़क पर बहने वाले पानी को नालियों में मोडऩे के लिए सफाई और उचित व्यवस्था की जाए।
- सार्वजनिक स्थानों और मंदिरों के आसपास : जहां पंडाल और मूर्तियां स्थापित होंगी, उन जगहों और आसपास की नालियों की सफाई कर मच्छर पाउडर का छिड़काव करवाया जाए।
ग्रामीणों का मानना है कि इन सभी समस्याओं का समाधान होने से गांव में स्वच्छता बनी रहेगी और नवरात्रि का पर्व सुचारू रूप से मनाया जा सकेगा।








