नर्मदापुरम। आज, 29 अगस्त 2025 को, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) प्रशांत खरे ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन, नर्मदापुरम का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों परिसरों में विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण

डीआईजी श्री खरे ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रशासनिक शाखाओं, महिला हेल्प डेस्क, शिकायत प्रकोष्ठ, रिकॉर्ड शाखा और रिसेप्शन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के संचालन में अनुशासन, पारदर्शिता और अभिलेखों की स्थिति को सराहा। साथ ही, उन्होंने शिकायतों के त्वरित निराकरण और कार्यालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सराहना भी की।
पुलिस लाइन का निरीक्षण
पुलिस लाइन में, उन्होंने आम्र्स शाखा, स्टोर शाखा, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) टीम, मोटर ट्रांसपोर्ट (MT) शाखा, पुलिस कैंटीन, दिशा लर्निंग सेंटर और जिम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संसाधनों के उचित रखरखाव और तकनीकी सुधारों पर जोर दिया। डीआईजी ने विशेष रूप से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की और उन्हें सम्मानित भी किया।
दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
निरीक्षण के अंत में, डीआईजी श्री खरे ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनहित में काम करने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के प्रति जागरूक, अनुशासित और पारदर्शी रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन के दिशा लर्निंग सेंटर, जिम और कैंटीन जैसी सुविधाओं में आधुनिक और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के भी दिशा-निर्देश दिए। इस वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र, रक्षित निरीक्षक सुश्री स्नेहा चंदेल और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









