इटारसी। आगामी दिनों में पचमढ़ी में आयोजित होने वाले कांग्रेस के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय शर्मा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस प्रशिक्षण शिविर में देशभर के 71 जिला अध्यक्ष शामिल होंगे, जिन्हें लोकसभा और विधानसभा चुनावों की रणनीति पर राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रशिक्षण देंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने बताया कि शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और पूर्व सांसद राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रशिक्षण के दौरान नेताओं द्वारा सभी जिला अध्यक्षों को महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी ताकि वे आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। सभी जिला अध्यक्षों को 10 दिनों तक प्रशिक्षण स्थल पर ही रहना होगा।
निरीक्षण के दौरान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय और संजय शर्मा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका, नगर परिषद और जनपद चुनावों में शानदार मेहनत करके अधिक से अधिक सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजय दिलाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आज से ही पूरी लगन के साथ जुट जाने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रमुख रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज जायसवाल, पचमढ़ी नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शुक्ला, उजैफा बोरा, राजा पलिया, धर्मेंद्र मालवीय, नरेंद्र दुबे, वीरेंद्र अग्रवाल, संजय शुक्ला, राधे पटेल और जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार सहित अनेक कांग्रेस जन उपस्थित थे।









