इटारसी। नवरात्रि से पहले शहर के पथ विक्रेताओं (हाथ ठेला व्यवसाय) ने अपनी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा है। पथ विक्रेता संघ इटारसी के तत्वावधान में दिए गए इस ज्ञापन में विक्रेताओं ने सिंधी कॉलोनी स्थित गल्र्स स्कूल के पीछे वाली चाल में दुर्गा पंडाल समिति द्वारा किए अतिक्रमण को लेकर शिकायत की।
विक्रेताओं ने बताया कि पंडाल के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया है, जिससे राहगीरों और उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस अतिक्रमण के कारण उन्हें अगले 15-20 दिनों तक आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि वे अपनी ठेला नहीं लगा पाएंगे।
इस समस्या को लेकर, पथ विक्रेता संघ ने कई प्रमुख अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। इसमें विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष, थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला, नगर पालिका सीएमओ और तहसीलदार शामिल हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से नरेंद्र वर्मा, मनोज यादव, अमर सिंह कुशवाहा, राजेश मराठा, राजू भाई, सतीश मालवीय, मनोज जैसवानी सहित कई अन्य पथ विक्रेता साथी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की अपील की है।








