नर्मदापुरम। पुलिस कर्मियों को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं तनावमुक्त रखने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन नर्मदापुरम में हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह पहल पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के अनुसार शुरू की गई है, जिसके तहत पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त और स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर आयोजित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह शिविर पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन के निर्देशन में आयोजित हुआ। शिविर में रक्षित केन्द्र एवं विभिन्न थानों के कुल 105 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा सहभागियों को ध्यान, तनाव नियंत्रण एवं मानसिक संतुलन हेतु विभिन्न अभ्यास कराए गए। पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रकार के शिविर पुलिस बल में मानसिक ताजगी, सकारात्मक दृष्टिकोण और कार्यक्षमता बढ़ाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम ने प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को रक्षित केन्द्र पर और प्रत्येक रविवार को जिले के समस्त थानों पर हार्टफुलनेस मेडिटेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से जारी रखने की योजना बना रहा है, ताकि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम स्नेहा चंदेल, थाना प्रभारी यातायात सुनीता पटेल, मास्टर ट्रेनर हार्टफुलनेस, सूबेदार ईशान रिछारिया, सूबेदार सूरज जमरा, सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण चावरे मास्टर ट्रेनर हार्टफुलनेस के साथ-साथ हार्टफुलनेस विशेषज्ञ अमित गोपलानी एवं विनय पालीवाल भी उपस्थित रहे।









