नर्मदापुरम। नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम में श्रीमती हेमश्वरी पटले मुख्य नगर पालिका अधिकारी होंगी। श्रीमती पटले वर्तमान में नरसिंहपुर में जिला शहरी विकास अभिकरण में परियोजना अधिकारी हैं। राज्य शासन ने आज प्रदेश की अनेक नगर पालिकाओं में सीएमओ के तबादले किये हैं।
राज्य शासन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करते हुए अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक स्थानांतरित किया है। नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय को सहायक संचालक, कार्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास नर्मदापुरम संभाग बनाया है।
बता दें कि पिछले दिनों नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम में सीएमओ और पार्षदों के मध्य विवाद हुआ था। परिषद के अधिकांश सदस्यों ने सीएमओ से मामले में विवाद समाप्त करने मुलाकात की थी। लेकिन, सीएमओ नवनीत पांडेय ने उनकी एक न सुनी और पुलिस थाने में शिकायत की थी। तब से ही माना जा रहा था कि उनकी नगर पालिका से विदाई तय है।