इटारसी। होली (Holi) के रंग में रंगा रहा इटारसी नगर। होलिका दहन के बाद सुबह से बच्चों ने मचाई धूम,तो युवा भी पीछे नहीं रहे। सुबह से शाम तक हरेक चेहरा रंग में रंगा दिखाई दे रहा था। होली जलाने के बाद नगर में धुलेंडी पर्व परंपरागत धूमधाम से मना। कोरोना के कहर से सहमे लोगों को करीब दो वर्ष बाद खुशी मनाने का एक मौका मिला तो उसे हुरियारों ने हाथ से नहीं जाने दिया। बच्चों ने भी सुबह से खूब हुड़दंग मचाया। हालांकि इस बार अधिकांश लोगों ने गुलाल से ही होली मनाई। हरियारों ने जरूर रंग का इस्तेमाल किया लेकिन आम लोग गुलाल से ही एक दूसरे को टीका लगाकर शुभकामनाएं देते नजर आये।
होली के अवसर पर सामूहिक कार्यक्रम भी हुए और युवाओं की टोली गीतों पर थिरकती दिखी। बाजार में हालांकि सन्नाटा पसरा था। एसडीएम मदन सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम नगर में शांति-व्यवस्था कायम रखने वाहनों से घूमती रही। मोहल्लों में होलिका उत्सव के आसपास पुलिस ने रातभर ड्यूटी की तो मोबाइल टीम भी नगर में रातभर और दिनभर घूमती रही।
निकली हुरियारों की टोली
हुरियारों की टोली ढोल ढमाकों की थाप पर नाचते गाते शहर में निकली। कोरोना संकट के कारण पिछले 2 साल से होली का पर्व नहीं मनाया जा सका था। इस बार युवाओं ने खासा उत्साह दिखाया। बच्चे भी रंगों की मस्ती में सराबोर नजर आए सड़कों पर रंग गुलाल उड़ाते घूमते रहे। लोगों ने अपने मित्रों, रिश्तेदारों के घर जाकर होली की शुभकामनाएं दी तो उन घरों में भी जाकर संवेदना व्यक्त की जिनके यहां इस साल किसी स्वजन का स्वर्गवास हो गया था।
बाजार में पसरा रहा सन्नाटा
होली पर नब्बे फीसदी बाजार बंद रहा। चाय-पान और नाश्ते की कुछ दुकानें अवश्य खुली रहीं और उन पर ग्राहकी भी हुई। होली पर ज्यादातर बाजार बंद रहने से चाय-पान की चाहत रखने वाले खुली दुकानों पर पहुंचे। गन्ने के रस, कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर युवाओं की टोली नजर आयी तो युवाओं की टोली बाइक पर तीन सवारी बैठकर फर्राटे भरते भी नजर आयी। मोहल्लों में होली के बाद युवा टीम बाजार पहुंची और चाय-नाश्ते का शौक पूरा किया।
इस बार ज्यादा उत्साह दिखा
होली के मौके पर युवा रंगों में सरोबार रहे और एक दूसरे पर जमकर गुलाल व रंग डाला। युवाओं के साथ ही बच्चों पर भी होली का रंग सिर चढ़कर बोल रहा है। कोविड की पाबंदियों से मुक्त होने के बाद इस बार होली के त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। सड़कों पर ढोल ताशों के साथ युवा निकल रहे हैं। सन् 2020 के बाद यह पहला मौका आया है जब इस त्योहार पर कोविड का साया नहीं है और सारे तरह के प्रतिबंध हट गए हैं।
अलर्ट मोड पर पुलिस और प्रशासन
होली पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की टीम ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। पुलिस के आला अफसर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार की गाडिय़ां दिनभर सड़कों पर सुरक्षा बंदोबस्त की निगरानी करती दौड़ती रहीं। शहर के लगभग हर मोहल्ले में पुलिस के जवान व अफसर विशेष सुरक्षा में लगाए गए थे। पुलिस कर्मी होलिका उत्सव के आसपास ड्यूटी कर रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर तीन होलिका उत्सव के बीच एक टीम तैनात की थी।